अनंत सिंह के बयान पर JDU सख्त? संजय झा ने बताया पार्टी का रुख

Rashmi Tiwari

बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने एनडीए की एकजुटता का दावा करते हुए पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की बड़ी जीत की भविष्यवाणी की है। वहीं, अनंत सिंह के बयान और जनसुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने के फैसले पर भी उन्होंने पार्टी का रुख स्पष्ट किया है।
संजय झा ने कहा कि एनडीए पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है। गठबंधन का पूरा ध्यान सभी आठ सीटों पर जीत का अंतर बढ़ाने पर है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता केंद्र में एकजुटता की बात करते हैं, लेकिन बिहार में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत का दावा
पटना स्नातक सीट पर जेडीयू प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह के उतरने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। अनंत सिंह ने जनसुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस घटनाक्रम के बीच संजय झा ने कहा कि नीरज कुमार पहले भी इस सीट से जीतते रहे हैं और इस बार भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने पटना की दोनों सीटों पर एनडीए की जीत का भरोसा जताया और नीरज कुमार के साथ नवल किशोर यादव का भी नाम लिया।
अनंत सिंह के बयान पर पार्टी की नजर
अनंत सिंह के उस बयान पर भी सवाल उठे, जिसमें उन्होंने नीतीश कुमार के लिए अपने लोगों की कुर्बानी देने की बात कही थी। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया था कि उन्होंने नौ लोगों की हत्या नहीं करवाई, बल्कि एसटीएफ की कार्रवाई में उनके नौ लोगों की जान गई थी। इस मामले पर संजय झा ने कहा कि अनंत सिंह के बयान और उनकी सफाई, दोनों को पार्टी ने संज्ञान में लिया है। प्रदेश पार्टी पूरे मामले पर नजर रख रही है। हालांकि, उन्होंने किसी संभावित कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
अब सबकी नजर चुनावी नतीजों और जेडीयू के अगले कदम पर है। संजय झा के दावों के बीच पटना स्नातक सीट का मुकाबला एनडीए के लिए खासा अहम माना जा रहा है।

Share This Article