पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार ने मारी बाजी,अनंत सिंह ने बताई हार की वजह

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने इस चुनाव में जीत हासिल किया है, हालांकि, फिलहाल जीत की औपचारिक घोषणा होना बाकी है। जीत की खबर के बीच नीरज कुमार ने जहां अपनी सफलता का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिया, वहीं अनंत सिंह ने अपनी हार स्वीकार करते हुए इसके लिए मतदाता बनाने का कम समय मिलने को जिम्मेदार ठहराया। दोनों नेताओं के बयानों ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

नीरज कुमार ने नीतीश कुमार और निशांत कुमार का जताया आभार
जीत के बाद नीरज कुमार ने जदयू के शीर्ष नेतृत्व, पार्टी प्रमुख नीतीश कुमार और निशांत कुमार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी जीत के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की ताकत है। नीरज कुमार ने अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा, “मैं गरीब परिवार में पैदा हुआ हूं। न मेरे पास धनबल है और न बाहुबल, लेकिन कार्यकर्ता बल मुझसे ज्यादा किसी के पास नहीं है।” उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम रही और उनकी मेहनत ने जीत का रास्ता तैयार किया।।”
अनंत सिंह पर नीरज कुमार का तीखा हमला
चुनाव में जीत के बाद नीरज कुमार ने जदयू से निष्कासित विधायक अनंत सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जो खुद जमानत पर हैं, वो जमानत जब्त की बात कर रहे हैं।” नीरज कुमार ने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए मिठाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जो मिठाई विरोधियों ने बनाई थी, उनमें नमक था।” इसके अलावा, उन्होंने अनंत सिंह के अंदाज में तंज कसते हुए कहा, “ए गुंजन, मिठइया ले जाओ रे।” उनके इस बयान के बाद चुनावी बयानबाजी और तेज हो गई।
अनंत सिंह ने स्वीकार की हार, बताया क्यों पिछड़े
दूसरी ओर, अनंत सिंह ने अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा कि जनता ही मालिक और भगवान है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें मतदाता बनाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला, जिसकी वजह से उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हां, हम हार गए हैं। हार-जीत तो होती रहती है। हमको समय ही नहीं मिला। इस चुनाव में जो अपना वोटर बनाते हैं, वही लोग वोट देते हैं। हमको वोट बनाने का समय कम मिला, इसलिए हम हारे।” उन्होंने यह भी कहा कि वे पार्टी का सम्मान करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।
नीरज कुमार को बधाई देने से अनंत सिंह का इनकार
अनंत सिंह ने नीरज कुमार को जीत की बधाई देने से इनकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी नाराजगी पार्टी से नहीं, बल्कि नीरज कुमार से है। बातचीत के दौरान उन्होंने बार-बार इसी बात को दोहराया। अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार दुलारचंद यादव मामले को दिल्ली ले गए, जिसके कारण उन्हें भी वहां जाना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि नीरज कुमार से नाराजगी के चलते उन्होंने अनुज सिंह का समर्थन किया था।

Share This Article