NEWS PR डेस्क :बैंक में जमा अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित मानने वाले खाताधारकों की चिंता उस वक्त बढ़ गई, जब उन्हें अपनी एफडी बंद होने और खातों में जमा रकम गायब होने की जानकारी मिली। ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में करीब 35 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। मामले के खुलासे के बाद बैंक में ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। कोई अपनी एफडी की जानकारी मांग रहा है, तो कोई खाते में जमा रकम वापस मिलने का इंतजार कर रहा है।
बिना जानकारी FD बंद करने और पैसे ट्रांसफर करने का आरोप
यह मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 इलाके में स्थित PNB की शाखा से जुड़ा है। ग्राहकों का आरोप है कि उनकी जानकारी के बिना एफडी समय से पहले बंद कर दी गईं और रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। कुछ खाताधारकों ने सेविंग अकाउंट से भी लाखों रुपये गायब होने की शिकायत की है। शुरुआती जानकारी में करीब 35 करोड़ रुपये की गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। हालांकि, वास्तविक रकम का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
किसी की 80 लाख की FD, तो किसी के खाते से 1.18 करोड़ गायब
खाताधारक अमरपाल का दावा है कि उनकी तीन एफडी में कुल 80 लाख रुपये जमा थे, जिन्हें उनकी जानकारी के बिना बंद कर दिया गया। उन्होंने इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की है। वहीं, बृजेश कुमार के मुताबिक, उनके खाते में 1.18 करोड़ रुपये जमा थे, लेकिन पैसे निकालने बैंक पहुंचने पर उन्हें खाते में जीरो बैलेंस होने की जानकारी मिली। एक अन्य खाताधारक बीना ने भी अपनी जमा पूंजी वापस मिलने में देरी को लेकर चिंता जताई।
पांच कर्मचारी निलंबित, जांच शुरू
PNB के चीफ मैनेजर राजेश निगम ने खाताधारकों को आश्वासन दिया है कि जांच और भुगतान की प्रक्रिया जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। बैंक की आंतरिक टीम के साथ पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल ग्राहकों को अपनी जमा रकम वापस मिलने का इंतजार है।
बैंक में जमा रकम कितनी सुरक्षित? PNB शाखा में करोड़ों की कथित हेराफेरी से मचा हड़कंप