NEWS PR डेस्क : जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के साकल गांव में शुक्रवार की देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी और फिर दोनों की शादी करा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, महिला पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों की मां है।
जानकारी के अनुसार, युवक और महिला के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक भी उसी गांव का रहने वाला है। शुक्रवार की आधी रात वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। इसी दौरान घरवालों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दे दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों को आता देख युवक बचने के लिए
खपड़ैल मकान के अंदर लकड़ी के सहारे ऊपर चढ़ गया। काफी देर तक वह छिपकर बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर नीचे उतार लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और ग्रामीणों ने दोनों की शादी करा दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जाता है कि घटना के समय महिला अपने ससुराल में थी,
जबकि उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति गांव पहुंचा और उसने पत्नी को अपने साथ रखने पर सहमति जताई। पति ने आगे से ऐसी गलती नहीं होने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हुआ और मामला शांत हो गया।
इस संबंध में लक्ष्मीपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि
घटना शुक्रवार रात की है। इसकी सूचना डायल 112 पर मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला बढ़ता देख दोनों को थाना लाया गया। उन्होंने बताया कि महिला दो बच्चों की मां है और युवक भी उसी गांव का रहने वाला है। बाद में महिला के पति ने उसे अपने साथ रखने की सहमति दे दी। दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल आपसी समझौते के बाद मामला शांत हो गया है।
जमुई हसनैन खान की रिपोर्ट ;-