बच्चों के लिए खुशखबरी! पटना जू में लौट रही ट्वाय ट्रेन, जानें कब से होगी शुरू

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना जू घूमने जाने वाले बच्चों और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। करीब 11 साल से बंद पड़ी ट्वाय ट्रेन एक बार फिर पटरी पर लौटने की तैयारी में है। इस बार ट्रेन पुराने अंदाज में नहीं, बल्कि वंदे भारत एक्सप्रेस की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं और नए रंग-रूप के साथ पर्यटकों को सैर कराएगी। परियोजना को जनवरी 2027 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

करीब 9.88 करोड़ रुपये की लागत से चिड़ियाघर में 3.77 किलोमीटर लंबा नया ट्रैक बिछाया जा रहा है। नई ट्वाय ट्रेन पूरी तरह बैटरी से संचालित होगी। इसमें एक इंजन के साथ चार कोच होंगे और एक बार में करीब 80 पर्यटक सफर कर सकेंगे। प्रत्येक कोच में 20 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए एक कोच को वातानुकूलित रखने का प्रस्ताव भी है।
जू निदेशक हेमंत पाटिल के मुताबिक, दानापुर रेल मंडल और चिड़ियाघर प्रशासन के बीच हुए एमओयू के तहत इस परियोजना पर काम चल रहा है। पुराने ट्रैक को हटाकर नई पटरी बिछाई जा रही है। इंजन और कोच से जुड़े काम भी जारी हैं।
नई ट्रेन का सफर करीब 40 मिनट का होगा। इस दौरान पर्यटक जू की हरियाली, जंगल ट्रेल और तालाब के खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकेंगे। ट्रेन का रूट भी इसी तरह तैयार किया जा रहा है कि पर्यटकों को प्राकृतिक सुंदरता देखने का बेहतर मौका मिले।

खास बात यह है कि नई ट्वाय ट्रेन बुजुर्गों, छोटे बच्चों और उन लोगों के लिए काफी सुविधाजनक होगी, जिन्हें पूरे चिड़ियाघर में पैदल घूमने में परेशानी होती है। गौरतलब है कि पटना जू में पुरानी ट्वाय ट्रेन 17 अगस्त 2015 को बंद कर दी गई थी। अब करीब 11 साल बाद इसके दोबारा शुरू होने से चिड़ियाघर में पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ने वाला है। हालांकि, टिकट की कीमत और परिचालन का समय अभी तय नहीं हुआ है।

Share This Article