NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र खुद आधी रात को सिविल ड्रेस में सड़कों पर उतर गए। इस दौरान उन्होंने शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्ती का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो थानों की गश्ती में कमी मिलने पर संबंधित थानाध्यक्षों और गश्ती दल से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
त्योहारों का मौसम आते ही बाजारों में भीड़ बढ़ने लगती है। ऐसे में चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता बेहद जरूरी हो जाती है। इसी को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने खुद सड़क पर उतरकर पुलिस की तैयारियों की हकीकत परखी।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र आधी रात को बिना वर्दी यानी सिविल ड्रेस में शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचे। उन्होंने चौक-चौराहों का भ्रमण किया और देखा कि रात के समय पुलिस की गश्ती कितनी सक्रिय है। साथ ही यह भी जांच की कि थानास्तर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कितने प्रभावी इंतजाम किए गए हैं।
इस दौरान एसएसपी ने शहर के चार थानों की रात्रि गश्ती व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने गश्ती दल की मौजूदगी, सक्रियता और सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की
निरीक्षण के दौरान नगर थाना और मिठनपुरा थाना की गश्ती व्यवस्था में कमी सामने आई। इस पर एसएसपी ने दोनों थानों के थानाध्यक्षों और संबंधित गश्ती दल से स्पष्टीकरण मांगा है।
त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट,
दरअसल, धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में भारी भीड़ रहती है, जबकि छठ महापर्व पर घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है।
एसएसपी के इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। अब देखना होगा कि स्पष्टीकरण के बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल एसएसपी ने साफ संदेश दे दिया है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुजफ्फरपुर से रुपेश की रिपोर्ट ;-