अररिया में रिश्ते शर्मसार! मां की हत्या का आरोप, दूसरी पत्नी के साथ बेटा फरार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार के अररिया जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां बहू को पति की मारपीट से बचाने पहुंची 65 वर्षीय मां की जान चली गई। आरोप है कि गुस्से में बेटे ने अपनी ही मां को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने के बाद बुजुर्ग महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से आरोपी बेटा अपनी दूसरी पत्नी के साथ फरार बताया जा रहा है।

मामला जोकीहाट थाना क्षेत्र की सिमरिया पंचायत के बोरिया गांव स्थित वार्ड संख्या 12 का है। मृतका की पहचान 65 वर्षीय भंगिया देवी, पति स्वर्गीय जागेश्वर तत्तमा के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार की रात माणिक चंद उर्फ भुट्टन कथित तौर पर शराब पीकर घर पहुंचा था। इसके बाद वह अपनी पहली पत्नी प्रमिला देवी के साथ मारपीट करने लगा। बहू को पिटता देख बुजुर्ग मां बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान आरोप है कि माणिक चंद ने मां के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में जोकीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि आरोपी ने खिरदा गांव की अनिता देवी से दूसरी शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। पहली पत्नी प्रमिला देवी के चार बेटे और एक बेटी हैं। वह ईंट-भट्ठे पर खाना बनाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रमिला देवी के बयान के आधार पर माणिक चंद उर्फ भुट्टन के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसकी दूसरी पत्नी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Share This Article