छठ गीत बजाने को लेकर खूनी विवाद, दो भाइयों की मौत, CM सम्राट ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के भोजपुर जिले में आपसी विवाद के बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने की दर्दनाक घटना सामने आई है। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में हुई इस घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया। घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

छठ का गीत बजाने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रामडिहरा गांव स्थित सूर्य मंदिर के पास छठ का गीत बज रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद गांव के ही एक व्यक्ति ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। वाहन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन लेकर फरार हो गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया दुख
घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर इसे अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने मृतकों के निकटतम परिजनों को अनुग्रह अनुदान के रूप में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Share This Article