भागलपुर में काली पूजा पर सोसाइटी काली मंदिर में लगा भव्य भोग, कचौरी-सब्जी और हलवे का श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद; मेला देखने उमड़ी भारी भीड़ !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत नूरपुर स्थित सोसाइटी काली मंदिर में काली पूजा को लेकर खास आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद माता रानी को कचौरी, सब्जी और हलवे का भोग अर्पित किया गया।

इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू हुआ। प्रसाद ग्रहण करने के लिए मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों तक सभी ने श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

मेला देखने पहुंचे लोगों की उमड़ी भीड़

काली पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया। मेला देखने के लिए आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंदिर परिसर में लगातार श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों का आना-जाना लगा रहा। बच्चों में मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

वहीं, प्रसाद वितरण के दौरान श्रद्धालुओं में काफी उत्साह रहा। आयोजन में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। पूजा और प्रसाद वितरण के कारण पूरे मंदिर परिसर में रौनक बनी रही।

आस्था और परंपरा का दिखा संगम

नूरपुर के सोसाइटी काली मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता की खूबसूरत तस्वीर पेश की। माता काली के जयकारों और श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया।

काली पूजा के इस आयोजन में लोगों ने माता रानी से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। देर तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।

भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट ;

Share This Article