मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा में छठ की भव्य तैयारी, व्रतियों के लिए खास इंतजाम

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :मुजफ्फरपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ की आस्था और भक्ति अब जेल की चारदीवारी के भीतर भी देखने को मिलेगी। मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस बार जेल में कुल 98 महिला और पुरुष बंदी छठ व्रत करेंगे। खास बात यह है कि व्रत रखने वालों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष बंदी भी शामिल हैं।

जिला प्रशासन की ओर से पिछले वर्ष की तुलना में इस बार छठ पूजा को और बेहतर, भव्य एवं आकर्षक बनाने की व्यवस्था की गई है। कुल 98 व्रतियों में 51 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल हैं। इनमें सजावार और विचाराधीन बंदी भी हैं।
छठ व्रतियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। महिला व्रतियों के लिए साड़ी, लहठी और चूड़ियों की व्यवस्था की गई है, जबकि पुरुष व्रतियों को धोती, गंजी और गमछा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा पूजा के लिए डाला, सूप, पकवान, फल और मिठाई समेत सभी जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जेल परिसर स्थित छठ घाट की साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम कराया जा रहा है। घाट को केले के पेड़, फूल-मालाओं, रंगीन रोशनी, झालरों और गुब्बारों से सजाया जा रहा है। वहीं, जेल रेडियो पर महान लोकगायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा के छठ गीतों का प्रसारण किया जा रहा है।
सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने घाट पर पांच प्रशिक्षित तैराकों की प्रतिनियुक्ति भी की है। जेल प्रशासन की यह पहल दिखाती है कि छठ महापर्व की आस्था जाति, धर्म और सामाजिक सीमाओं से परे सभी को एक सूत्र में जोड़ती है।

Share This Article