NEWS PR डेस्क : पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गंगहारा फुटानी बाजार में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर सभी चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूरा मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के गंगहारा फुटानी बाजार और मकसूदपुर इलाके का है। यहां दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अविनाश कुमार, पिता दिलीप राम की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वहीं, मारपीट में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल दानापुर पहुंचाया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
12 घंटे के भीतर चारों आरोपी गिरफ्तार:
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर शाहपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान, उपलब्ध साक्ष्यों और सूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय कुमार (32), राहुल कुमार (20), उपेंद्र राम (37) और सुरेश्वर राम (60) के रूप में हुई है। सभी आरोपी गंगहारा फुटानी बाजार क्षेत्र के रहने वाले हैं।
एएसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी:
दानापुर के एएसपी अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचने पर एक व्यक्ति मृत मिला, जबकि दूसरा घायल था। लिखित आवेदन में चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट ;-