हर घर तिरंगा अभियान के तहत बगहा में निकली भव्य साइकिल रैली, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

Shreya Raj
हर घर तिरंगा अभियान के तहत बगहा में निकली साइकिल रैली में देशभक्ति के रंग में नजर आए प्रतिभागी।

NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को भव्य साइकिल रैली निकाली गई। एसएसबी 21वीं वाहिनी और बगहा पुलिस की ओर से आयोजित इस रैली का उद्देश्य लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक करना और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना था।

एसएसबी जवानों और पुलिस पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा

रैली में एसएसबी 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत, बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, पूर्व एमएलसी भीष्म साहनी, एसडीपीओ निहार भूषण समेत कई पुलिस पदाधिकारी, एसएसबी जवान और समाजसेवी शामिल हुए। सभी ने साइकिल से रैली में हिस्सा लेकर लोगों को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

अनुमंडल परिसर से शुरू हुई रैली

साइकिल रैली की शुरुआत बगहा अनुमंडल परिसर से हुई। अधिकारियों की मौजूदगी में रैली बगहा शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। इस दौरान रैली में शामिल अधिकारियों, जवानों और अन्य लोगों ने आम लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।

भारत माता की जय और वंदे मातरम् के लगे नारे

रैली के दौरान पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से बगहा शहर गूंज उठा। रैली के माध्यम से लोगों से स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया गया।

तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक

इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है। अधिकारियों ने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज

Share This Article