सुपौल। जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीवछपुर पंचायत में एक निजी क्लीनिक में इलाज कराने पहुंची 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने कथित ग्रामीण चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान जीवछपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी उदयचंद सहनी की पत्नी कंचन देवी (35) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, कंचन देवी ने दिनभर घरेलू कार्य करने के बाद शाम में कमजोरी महसूस होने की शिकायत की। इसके बाद वह बेलागंज वार्ड संख्या 15 स्थित एक निजी क्लीनिक में दवा लेने पहुंचीं। मृतका के देवर ललित सहनी का आरोप है कि जांच के बाद कथित ग्रामीण चिकित्सक जोगेंद्र बहरदार ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को शांत कराया
महिला के साथ मौजूद उनकी सास ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने चिकित्सक से तबीयत बिगड़ने का कारण पूछा तो वह क्लीनिक बंद कर वहां से चले गए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों के साथ मिलकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर भीमपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। करीब तीन घंटे तक चली समझाइश के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर राजी हुए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भीमपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
