भोजपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग, हवलदार के बेटे की मौत, दोस्त गंभीर रूप से घायल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। आरा में गुरुवार की शाम बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने दो युवकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस सनसनीखेज वारदात में एक हवलदार के बेटे की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम है।
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र अंतर्गत बामपाली बांध के समीप हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने दोनों युवकों को खदेड़कर उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस दौरान अपराधियों ने हवलदार के बेटे को बेहद करीब से चार गोलियां मारीं। दो गोलियां उसके सिर के पिछले हिस्से में, जबकि दो गोलियां पीठ में लगीं।
वहीं, उसके साथ मौजूद दोस्त को भी अपराधियों ने दो गोलियां मारीं। एक गोली पीठ में और दूसरी कमर के निचले हिस्से में लगी है। गोलीबारी के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही हवलदार के बेटे ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल उसके दोस्त का अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि इस वारदात को चार हथियारबंद अपराधियों ने अंजाम दिया है। घटना के बाद से आसपास के इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल, इस गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट।

Share This Article