NEWS PR डेस्क :छठ महापर्व के नहाय-खाय के अवसर पर शुक्रवार की सुबह बख्तियारपुर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। स्टेशन रोड से सीढ़ी घाट तक कुत्ते ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। इस घटना में 40 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में बख्तियारपुर के अलावा पड़ोसी नालंदा जिले से छठ स्नान करने पहुंचे श्रद्धालु भी शामिल हैं।
गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर हमला
घायल पप्पू कुमार के मुताबिक, शुक्रवार सुबह श्रद्धालु छठ महापर्व के नहाय-खाय पर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान स्टेशन रोड से सीढ़ी घाट के बीच एक पागल कुत्ते ने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। कुत्ते ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया।अचानक हुए हमले से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह छह बजे से अस्पताल पहुंचने लगे घायल
घटना के बाद कुत्ते के काटने से घायल लोग इलाज के लिए बख्तियारपुर अस्पताल पहुंचने लगे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे से ही अस्पताल में मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। अस्पताल के डॉक्टर विनय कुमार ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है।
अस्पताल में खत्म हुई रेबीज वैक्सीन, पटना से आने का इंतजार
इस घटना के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी एक अहम समस्या भी सामने आई। डॉक्टर विनय कुमार ने बताया कि अस्पताल में रेबीज (एआरवी) वैक्सीन एक दिन पहले ही खत्म हो गई थी। इसके कारण फिलहाल घायलों को टिटनेस का इंजेक्शन दिया गया है।
डॉक्टर के अनुसार, पटना से अगले दो से तीन घंटे के भीतर रेबीज वैक्सीन अस्पताल पहुंचने की उम्मीद है। वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद सभी घायलों को रेबीज का इंजेक्शन दिया जाएगा। छठ महापर्व के महत्वपूर्ण अवसर पर हुई इस घटना ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
