सिमरी हत्याकांड का खुलासा: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर दी पति की हत्या की सुपारी, 3 गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

बिहार के सिमरी गांव में इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। आरोप है कि पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी के जरिए 40 हजार रुपये में हत्या की सुपारी दिलवाई थी।चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के लिए इस्तेमाल की गई रकम भी पत्नी ने अपने पति के बैंक खाते से ही निकाली थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी नेहा परवीन उर्फ फौजिया फिरदौस, उसके प्रेमी करण चौधरी और एक अन्य नाबालिग को गिरफ्तार किया है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर अब भी फरार है।

तीन साल के प्रेम संबंध में पति बना बाधा

दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने शुक्रवार को बताया कि हत्या की घटना के बाद बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पत्नी नेहा परवीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सिमरी गांव निवासी प्रमोद चौधरी के पुत्र करण चौधरी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, नेहा और करण के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी रिश्ते में पति इरफान इमाम बाधा बन रहा था। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

पति के खाते से निकाले रुपये, प्रेमी को दी रकम

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की योजना के तहत करण चौधरी ने 40 हजार रुपये में शूटर तय किया था। इसके लिए नेहा ने अपने पति के बैंक खाते से रुपये निकालकर प्रेमी को दिए थे। तय योजना के मुताबिक, शूटर को 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि हत्या के बाद बाकी 20 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

मुख्य शूटर की तलाश में छापेमारी

डीएसपी ने बताया कि करण से पूछताछ के बाद हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। हालांकि, गोली चलाने वाला मुख्य शूटर अभी फरार है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद नहीं हुआ है। उसकी गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस का दावा है कि फरार शूटर को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महज 36 घंटे में हत्याकांड का पर्दाफाश कर पुलिस ने मामले की जांच में अहम सफलता हासिल की है।

Share This Article