महाराष्ट्र में छठ महापर्व के आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बिहार और महाराष्ट्र के बीच सियासी टकराव का रूप लेता जा रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की टिप्पणी पर बिहार के नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रशांत किशोर के बाद अब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी राज ठाकरे पर जोरदार हमला बोला है।
राज ठाकरे को बताया ‘बरसाती मेंढक’
रोहिणी आचार्य ने राज ठाकरे की तुलना ‘बरसाती मेंढक’ से करते हुए कहा कि जिस तरह मानसून आते ही मेंढक बाहर निकलते हैं, उसी तरह छठ पर्व नजदीक आते ही राज ठाकरे की बयानबाजी शुरू हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के बयान दिए जाते हैं।रोहिणी ने कहा कि महाराष्ट्र भी भारत का अभिन्न हिस्सा है और प्रत्येक नागरिक को देश के किसी भी कोने में रहने, अपनी आस्था के अनुसार त्योहार मनाने और चुनाव लड़ने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने छठ पर की गई टिप्पणी को बिहारवासियों की धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया।
भाजपा से मांगा जवाब
रोहिणी आचार्य ने भाजपा को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के बड़े नेता छठ पर्व पर शुभकामनाएं देते हैं। ऐसे में भाजपा को राज ठाकरे के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र में रह रहे बिहार और उत्तर भारत के लोगों को बिना डर के छठ मनाने की स्वतंत्रता देने की मांग की।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, मनसे ने मुंबई के बाणगंगा क्षेत्र में सार्वजनिक छठ पूजा आयोजन पर आपत्ति जताते हुए पुलिस को पत्र सौंपा है। पार्टी का तर्क है कि पूजा के बाद तटीय इलाकों में गंदगी फैलती है और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। वहीं, राज ठाकरे ने छठ से जुड़े वीडियो और रील्स को ‘सांस्कृतिक आक्रमण’ बताया था। इस विवाद के बाद दोनों राज्यों में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
