छठ व्रतियों के रास्ते में फैला जहरीला धुआं, लोदीपुर में मेडिकल कचरा जलाने का मामला आया सामने

Rashmi Tiwari

भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले अर्घ्य के दिन भागलपुर में पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। लोदीपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए दवाइयों के कचरे में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। इससे इलाके में जहरीला धुआं फैल गया और आसपास रहने वाले लोगों की सेहत पर खतरा मंडराने लगा।घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन भारत के मीडिया प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विभूति सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग काफी भयावह थी। इसकी चपेट में आने से पास में लगा कदम का पेड़ पूरी तरह झुलस गया। वहीं, पेड़ के ठीक ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों तक आग पहुंचने की आशंका से बड़ा हादसा हो सकता था।

डॉ. सिंह ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि एक तरफ लोग छठ महापर्व की आस्था में डूबे हुए हैं और छठ व्रती इसी रास्ते से गुजर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ दवाइयों के कचरे को जलाकर वातावरण में हानिकारक गैसें फैलाई जा रही हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। यह सीधे तौर पर पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।उन्होंने बताया कि अब इस बात की जांच की जा रही है कि लोदीपुर थाना के पास कबाड़ीखाने के समीप दवाइयों का कचरा कहां से लाया गया और किसने उसमें आग लगाई। इस मामले में ड्रग्स इंस्पेक्टर को लिखित शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही मामले की गोपनीय स्तर पर भी जांच की जा रही है।अंत में डॉ. विभूति सिंह ने छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।भागलपुर से श्यामानंद की रिपोर्ट

Share This Article