NEWS PR डेस्क : छठ महापर्व की रौनक खत्म होते ही बिहार में वायु प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है। आस्था के महापर्व के दौरान घाटों पर उमड़ी भारी भीड़, वाहनों की आवाजाही, पटाखों और धूल-कणों का असर अब शहरों की हवा में दिखाई देने लगा है। राजधानी पटना समेत बिहार के 12 शहरों में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है। सबसे चिंताजनक स्थिति पटना के राजवंशी नगर की है, जहां AQI 315 दर्ज किया गया है और इलाका रेड जोन में पहुंच गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को पटना का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 220 दर्ज किया गया। वहीं, अररिया 288 AQI के साथ राज्य में सबसे प्रदूषित शहरों में शीर्ष पर रहा। दरभंगा का AQI 275, आरा का 266 और हाजीपुर का 259 दर्ज किया गया।
पटना के इन इलाकों में भी बढ़ा प्रदूषण
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। राजवंशी नगर में AQI 315 दर्ज किया गया, जबकि तारामंडल और मुरादपुर में 200, दानापुर में 198, समनपुरा में 175 और पटना सिटी में 171 AQI रिकॉर्ड किया गया।
बिहार के 12 शहरों की हवा खराब
आंकड़ों के अनुसार, अररिया, दरभंगा, आरा, हाजीपुर, भागलपुर, सहरसा, बक्सर, सिवान, राजगीर, पटना, मधुबनी, पूर्णिया और गोपालगंज में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। वहीं, बेगूसराय में 189, गया में 179, बेतिया में 178, मुजफ्फरपुर में 168, औरंगाबाद में 155, बिहारशरीफ और छपरा में 119 AQI दर्ज किया गया। इन शहरों में हवा मध्यम प्रदूषित श्रेणी में रही।
ठंड और कोहरे से बढ़ रही परेशानी
विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड के मौसम में तापमान में बदलाव, वातावरण में नमी और कोहरे के कारण धूल और धुएं के कण आसानी से फैल नहीं पाते। इससे प्रदूषक तत्व लंबे समय तक हवा में बने रहते हैं और प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है।
कितना AQI होने पर कितनी खराब होती है हवा?
0 से 50: अच्छा
51 से 100: संतोषजनक
101 से 200: मध्यम प्रदूषित
201 से 300: खराब
301 से 400: बहुत खराब
401 से 450: गंभीर
फिलहाल छठ के बाद बिहार के कई शहरों में बिगड़ती हवा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे के बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण की स्थिति पर सबकी नजर रहेगी।
