NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया में देर रात एक फूस के घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर इसकी चपेट में आ गया। इस अगलगी में घर में रखे कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दरअसल, घटना लौरिया थाना क्षेत्र की लाकड़ पंचायत अंतर्गत चंदेव चौधरी गांव के नुनियाटोला वार्ड संख्या-7 की है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे अचानक एक फूस के घर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घर से उठती आग की लपटें और धुएं को देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण आग पर काबू पाने में सफल रहे। हालांकि, तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
इस अगलगी की घटना में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घर में रखे कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट, चूल्हे की चिंगारी या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में फूस के घरों की अग्नि सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पश्चिम चम्पारण से मोहम्मद इम्तेयाज की रिपोर्ट्
