NEWS PR डेस्क: भोजपुरी अभिनेत्री और ‘बिग बॉस ओटीटी’ फेम अक्षरा सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या गाना नहीं, बल्कि छठ पूजा को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस है। पटना में पूरे श्रद्धा भाव से छठ महापर्व मनाने वाली अक्षरा को कुछ लोगों ने उनके अविवाहित होने के बावजूद छठ पूजा करने पर सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया। अब अभिनेत्री ने ऐसे लोगों को करारा जवाब देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है।

दरअसल, अक्षरा सिंह ने इस साल भी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ छठी मैया की पूजा की। उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। बता दें कि अक्षरा ने पहली बार साल 2024 में छठ पूजा की थी। इसके बाद से वह हर साल इस महापर्व को पूरी आस्था के साथ मनाती आ रही हैं।
लेकिन उनकी पूजा के वीडियो सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने उनके अविवाहित होने को लेकर सवाल उठाए। वहीं, कुछ लोगों ने उन पर दिखावे के लिए पूजा करने का आरोप भी लगाया। इन टिप्पणियों पर अक्षरा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। अभिनेत्री ने लिखा, “उन्होंने छठी मैया को अर्घ्य दिया, लेकिन कुछ लोगों को उनकी पूजा से ज्यादा उनकी शादी की चिंता होने लगी।” उन्होंने सवाल किया कि अगर कोई कुंवारा लड़का छठ पूजा कर सकता है, तो एक कुंवारी लड़की क्यों नहीं?
अक्षरा ने आगे कहा, “कोई तर्क है तो बताइए, मैं जरूर सुनूंगी। और हां, मेरी आस्था पर फैसला सुनाने का अधिकार आपको किसने दिया, ये भी उसी जवाब में बता दीजिएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि दुख होता है कि छठ जैसे पवित्र पर्व पर भी किसी की आस्था को बहस का विषय बना दिया जाता है। पूजा करना उनका निजी विश्वास है और किसी को इस पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।
गौरतलब है कि अक्षरा ने छठ पूजा के समापन पर लिखा था कि अपने पटना में हर साल लोगों के साथ छठ मनाने का सुख उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। इसके साथ ही अपने हाथों से ठेकुआ बनाने की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “अपने हाथों से बना ठेकुआ और मन में छठी मइया का नाम। यही तो हमारे महापर्व की असली मिठास है। जय छठी मइया!” अक्षरा का यह जवाब अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
