NEWS PR डेस्क : बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता को लेकर चल रहे विवाद पर बड़ा फैसला हुआ है। दोनों की सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर दायर सभी याचिकाओं को बिहार विधान परिषद सचिवालय ने खारिज कर दिया है। इस फैसले से दोनों नेताओं को बड़ी राहत मिली है।
विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज करने के बाद वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की भाजपा प्रदेश कार्यालय में तस्वीरें सामने आई थीं। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल और जन सुराज की ओर से आरोप लगाया गया कि दोनों नेताओं ने निर्दलीय जीतने के बाद भाजपा का दामन थाम लिया है। इसे दल-बदल कानून का उल्लंघन बताते हुए उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई थी।
इस मामले में RJD नेताओं और जन सुराज से जुड़े लोगों ने कार्यकारी सभापति प्रोफेसर रामवचन राय के समक्ष याचिकाएं दाखिल की थीं।
लेकिन विधान परिषद सचिवालय की जांच में याचिकाओं में कानूनी और प्रक्रियागत कमियां पाई गईं। निर्धारित प्रारूप, जरूरी शपथ पत्र और याचिका दाखिल करने के अधिकार से जुड़ी शर्तें पूरी नहीं होने के कारण इन्हें सुनवाई योग्य नहीं माना गया।
कार्यकारी सभापति के आदेश के बाद सभी याचिकाएं खारिज कर दी गईं।
इस फैसले के बाद फिलहाल वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता पर मंडरा रहा खतरा टल गया है। वहीं, इस घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर भाजपा और विपक्ष के बीच सियासी बहस तेज कर दी है।
