बेतिया में दिनदहाड़े करोड़ों की लूट सेनको गोल्ड शोरूम में हथियारबंद अपराधियों का धावा, मचा हड़कंप !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण के बेतिया से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े सेनको गोल्ड एंड डायमंड ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए। घटना नगर के व्यस्त सुप्रिया रोड स्थित एनएच-727 की है। बताया जा रहा है कि आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने शोरूम में घुसकर इस बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।


जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने शोरूम के फर्स्ट फ्लोर और सेकंड फ्लोर पर करीब 20 मिनट तक लूटपाट की। हथियारों के बल पर कर्मचारियों को भयभीत कर अपराधियों ने कीमती सोने और हीरे के आभूषण समेट लिए और मौके से फरार हो गए। हालांकि, लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।


दिनदहाड़े शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल सुप्रिया रोड पर हुई इस बड़ी वारदात ने बेतिया पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी कुमार गौतम और डीआईजी हरकिशोर राय मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने शोरूम में पहुंचकर जांच-पड़ताल की और अपराधियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

पश्चिम चम्पारण से मोहम्मद इम्तेयाज की रिपोर्ट्


Share This Article