पूर्वी चंपारण और शिवहर के लाखों लोगों को जाम और खराब यातायात व्यवस्था से राहत दिलाने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। मधुबन विधानसभा के विधायक राणा रणधीर सिंह ने मोतिहारी-पकड़ीदयाल-शेखपुरवा तथा फेनहारा हाईस्कूल चौक से नयागांव तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण और इसे स्टेट हाईवे का दर्जा देने की मांग राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से उठाई है। इस संबंध में उन्होंने पटना में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार से मुलाकात कर विस्तृत मांग पत्र सौंपा।

विधायक ने कहा कि यह सड़क सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र की जरूरत नहीं, बल्कि पूर्वी चंपारण और शिवहर जिले को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। मधुबन, चिरैया और शिवहर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों के लाखों लोगों की दैनिक आवाजाही इसी मार्ग पर निर्भर है। वर्तमान में यह व्यस्त पथ ग्रामीण कार्य विभाग (PWD) के अधीन है, जिस पर प्रतिदिन चौबीसों घंटे हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का भारी आवागमन होता है। लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण सड़क की वर्तमान चौड़ाई अपर्याप्त साबित हो रही है, जिससे लोगों को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या का सामना करना पड़ता है।

मुलाकात के दौरान विधायक ने विशेष रूप से मोतिहारी से पकड़ीदयाल के बीच स्थित मधुबनी घाट क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क के संकरे होने के कारण इस इलाके में प्रतिदिन लंबी वाहनों की कतार लग जाती है, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को भारी परेशानी होती है। । मोतिहारी के छतौनी चौक से मधुबनी घाट होते हुए पकड़ीदयाल तक का मार्ग जिले के सबसे व्यस्त रूटों में शामिल है।
राणा रणधीर सिंह ने कहा कि सड़क के दोहरीकरण और स्टेट हाईवे में अपग्रेड होने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।वहीं, पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार ने विधायक को आश्वस्त किया कि विभाग इस प्रस्ताव पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करेगा तथा आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।मंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्र के लोगों में सड़क विस्तार को लेकर नई उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यह परियोजना धरातल पर उतरती है तो पूर्वी चंपारण और शिवहर के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट