NEWS PR डेस्क : बिहार और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुरधाम से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या तक अब रेल कनेक्टिविटी का नया रास्ता खुलने जा रहा है। रेल मंत्रालय ने जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन को मंजूरी दे दी है। इस फैसले पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
दरअसल, रेल मंत्रालय की ओर से ट्रेन संख्या 15595/15596 के परिचालन को स्वीकृति दी गई है। इस नई रेल सेवा से नेपाल के जनकपुरधाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच सफर करने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
राम और जानकी की नगरी के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जनकपुरधाम और अयोध्या करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। जनकपुरधाम माता जानकी की जन्मस्थली है, जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मस्थली के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क स्थापित होना ऐतिहासिक महत्व रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध और मजबूत होंगे। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच आवागमन आसान होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे का लगातार विस्तार हो रहा है। बिहार की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए भी केंद्र सरकार लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
अब इस नई ट्रेन सेवा से श्रद्धालुओं को राम और जानकी की नगरी के दर्शन के लिए एक सुविधाजनक रेल मार्ग मिलने की उम्मीद है।
