किशनगंज : 36 घंटे में रिजवान आलम हत्याकांड का खुलासा, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

तकनीकी जांच, सर्विलांस और त्वरित कार्रवाई से किशनगंज पुलिस ने सुलझाया हाई-प्रोफाइल ब्लाइंड मर्डर केस

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:किशनगंज ,बिशनपुर थाना क्षेत्र में हुए 42 वर्षीय रिजवान आलम हत्याकांड का किशनगंज पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात के बाद आरोपियों ने इसे चोरी की घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी जांच और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस अधीक्षक (प्रभारी) हरिमोहन शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस और एक महत्वपूर्ण फोन कॉल के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
जांच में खुलासा हुआ कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और लोहे के रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने घटना को चोरी का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी बरामद कर लिया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी हरिमोहन शुक्ला ने कहा,
“यह एक चुनौतीपूर्ण मामला था। हमारी टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सर्विलांस के आधार पर महज 36 घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशनगंज पुलिस अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।” पुलिस की इस तेज और प्रभावी कार्रवाई से जिले में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। किशनगंज से मशरूर रईस की रिपोर्ट

Share This Article