भागलपुर में छठ पर पिता-पुत्री की हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल रिटायर्ड फौजी पर उठे सवाल, पुलिस करेगी जांच !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : भागलपुर में छठ पूजा के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती अपने पिता के साथ बंदूक से फायरिंग करती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि युवती के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और यह मामला बिहपुर प्रखंड के बिहपुर मध्य पंचायत का है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच कराने की बात कही है।

लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान जहां लोग सूर्य उपासना और पूजा-अर्चना में जुटे थे, वहीं भागलपुर से सामने आए इस वायरल वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवती अपने पिता के साथ बंदूक से फायरिंग करती दिखाई दे रही है। दोनों के पीछे कुछ अन्य लोग भी मौजूद नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति सेना से सेवानिवृत्त हैं और छठ पूजा के अवसर पर कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग कर रहे थे।

यह वीडियो बिहपुर प्रखंड के बिहपुर मध्य पंचायत का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इसे कोमल कुमारी नाम की आईडी से साझा किए जाने की बात भी सामने आई है।

वायरल वीडियो की सत्यता, फायरिंग के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कराएगी वायरल वीडियो की जांच

मामले को लेकर मुख्यालय डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ मनोज कुमार सुमन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जाएगा। इसके बाद मामले में विधि सम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

छठ पूजा के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है कि आखिर वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है और जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-

Share This Article