NEWS PR डेस्क: भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार और सिंगर पवन सिंह इन दिनों एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया गाना या फिल्म नहीं, बल्कि प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती राजभवन में आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा का एक दिलचस्प वीडियो है। कथा में शामिल होने पहुंचे पवन सिंह के साथ मंच पर कुछ ऐसा हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, बेंती राजभवन में आयोजित राम कथा में पवन सिंह भी शामिल हुए थे। इस दौरान विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) ने उनका स्वागत किया। पवन सिंह मंच पर पहुंचे और कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया। इसके बाद जब पवन सिंह माइक लेकर कुछ बोलने लगे, तभी राजा भैया ने उनके हाथ से माइक लेकर खुद अनाउंसमेंट शुरू कर दी।
मंच पर हुए इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि, बाद में पवन सिंह को दोबारा माइक मिला तो उन्होंने राम कथा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि कथा सुनकर उनका दिल गदगद हो गया। साथ ही राजा भैया का आभार जताते हुए कहा, “आज राजा भैया के आशीर्वाद से मुझे इस कथा में आने का मौका मिला, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है।”
ज्योति सिंह के साथ वैवाहिक विवाद भी चर्चा में
इधर, पवन सिंह अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी लगातार सुर्खियों में रहे हैं। उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ वैवाहिक विवाद का मामला अदालत में विचाराधीन है। ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को बलिया फैमिली कोर्ट में अंतरिम भरण-पोषण के लिए याचिका दाखिल की थी। वहीं, पवन सिंह ने इससे पहले आरा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी। दोनों के बीच विवाद सुलझाने के लिए अदालत की ओर से काउंसिलिंग की कोशिश भी की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। फिलहाल यह मामला न्यायालय में लंबित है।
