NEWS PR डेस्क : आरा से जहां भोजपुरी संगीत की दुनिया में पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई ने हलचल मचा दी है। गानों के जरिए जातिगत दबदबा, रंगदारी और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोपों पर भोजपुर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। चर्चित भोजपुरी गायक टुनटुन यादव समेत कुल 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ भोजपुरी गानों और उनसे जुड़े वीडियो पुलिस की निगरानी में आए थे। जांच के दौरान पुलिस ने ऐसे छह गानों को चिह्नित किया, जिनके जरिए कथित तौर पर जातिगत वर्चस्व, दबंगई और हिंसक मानसिकता को बढ़ावा दिए जाने की बात सामने आई है।
इस कार्रवाई की जद में सिर्फ गायक ही नहीं आए हैं, बल्कि गीतकार, रिकॉर्डिंग स्टूडियो संचालक और सोशल मीडिया पर इन गानों को प्रसारित करने वाले लोग भी शामिल हैं। प्राथमिकी में टुनटुन यादव के अलावा जिद्दी बाय चंदन, मिथिलेश राजा, बसंत सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, गोल्डी यादव, खुशबू राज, उज्ज्वल कुंवर, प्रियंका भास्कर, सृष्टि भारती और राजा अविनाश समेत कई चर्चित नाम शामिल बताए गए हैं। वहीं, सूरज सोनालिका, हरेराम अकेला, सुनील सागर और जेपी राहुल सहित कई गीतकारों को भी नामजद किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई का दायरा रिकॉर्डिंग स्टूडियो तक पहुंचा है। सिद्धार्थ स्टूडियो, शंकराय स्टूडियो, कालिका स्टूडियो, कुंवर स्टूडियो, गंगा स्टूडियो और जागृति स्टूडियो समेत कई संस्थानों के नाम भी प्राथमिकी में दर्ज किए गए हैं। लेकिन इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और रील्स का है। पुलिस की जांच में ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें विवादित गानों के बैकग्राउंड पर हथियारों का प्रदर्शन, धमकी और जातिगत दबदबा दिखाने की कोशिश किए जाने का आरोप है।
पुलिस ने आठ इंस्टाग्राम अकाउंट और एक यूट्यूब चैनल को भी जांच के दायरे में लिया है। इनमें ‘जिद्दी ब्वाय चंदन ऑफिशियल’ नाम का यूट्यूब चैनल भी शामिल बताया गया है। भोजपुर पुलिस का मानना है कि मनोरंजन के नाम पर ऐसी सामग्री का प्रसार युवाओं की सोच और सामाजिक माहौल पर नकारात्मक असर डाल सकता है। जातिगत वैमनस्य और हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री जिले की शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए चुनौती बन सकती है।
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि साइबर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवादित गानों को लिखने से लेकर गाने, रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तक किसकी क्या भूमिका रही है।
फिलहाल 45 लोगों के खिलाफ दर्ज FIR के बाद भोजपुरी संगीत जगत में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि जांच में किन-किन लोगों की भूमिका सामने आती है और पुलिस आगे क्या कदम उठाती है।
सवाल यह है कि भोजपुरी संगीत की पहचान लोक संस्कृति, मिठास और मनोरंजन से है, तो फिर कुछ गानों में जातिगत टकराव और हिंसा को जगह क्यों दी जा रही है !
आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट ;
