पटना में 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या फुलवारी शरीफ के आलमपुर गोनपुरा गांव में वारदात से सनसनी !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क :  सुबह युवक का शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आलमपुर गांव निवासी स्वर्गीय विष्णु देव राय के पुत्र ओमप्रकाश (24) के रूप में हुई है। उसके कान के नीचे और पेट में खून के निशान मिले हैं। इसके अलावा सिर और पीठ पर भी चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं, जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस को घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस मिला है, जबकि मृतक की जेब से कुछ रुपये भी बरामद किए गए हैं।
फुलवारी शरीफ एसडीपीओ 2 उमेश्वर चौधरी ने बताया कि फुलवारी शरीफ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि आलमपुर गांव के खेत में एक युवक की हत्या कर शव पड़ा हुआ है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां शव की पहचान गांव के ही ओमप्रकाश के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में शरीर पर तीन से चार चोट के निशान पाए गए हैं।


एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया गया है और डॉग स्क्वायड की टीम भी जांच में जुटेगी। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान करने में लगी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

फुलवारी शरीफ से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट ;

Share This Article