बिहार में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा, दो नए विश्वविद्यालयों की स्थापना से युवाओं को मिलेगा फायदा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार में विज्ञान और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। राज्य में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना से लेकर इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों के विस्तार तक कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 नवंबर को पटना के सूचना भवन स्थित संवाद कक्ष में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें विभाग की ओर से अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई।

प्रेस नोट के मुताबिक विज्ञान और तकनीकी शिक्षा किसी भी विकसित समाज की आधारशिला है। बिहार में युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा और शोध के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शैक्षणिक संस्थानों का विस्तार किया जा रहा है।
2022 में हुई बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय की स्थापना
विभाग के मुताबिक, बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2022 में की गई थी। इसके अंतर्गत राज्य के 38 सरकारी और 20 निजी अभियंत्रण महाविद्यालय शामिल हैं। वहीं, वर्ष 2026 में दो नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की गई है। इनमें शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं औद्योगिक अभियांत्रण विश्वविद्यालय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं कंप्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय शामिल हैं।
47 सरकारी और 87 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में राज्य प्रावैधिक शिक्षा परिषद, पटना की भी अहम भूमिका है। इसकी स्थापना वर्ष 1955 में हुई थी। परिषद के अंतर्गत फिलहाल 47 सरकारी और 87 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। इन संस्थानों के माध्यम से राज्य के विद्यार्थियों को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
विज्ञान और शोध के क्षेत्र में भी बढ़े कदम
विभाग के अनुसार, बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (BCST) की स्थापना वर्ष 1984 में हुई थी। इसके तहत वर्ष 1988 में बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर की स्थापना की गई। इसके अलावा पटना और दरभंगा में तारामंडल तथा गया में रीजनल साइंस सेंटर की स्थापना वर्ष 2023 में की गई।
विभाग की ओर से इन उपलब्धियों को बिहार में विज्ञान, तकनीकी शिक्षा और शोध के क्षेत्र में हो रहे विस्तार का हिस्सा बताया गया। अब इन संस्थानों के माध्यम से युवाओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी कौशल और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

Share This Article