बक्सर में भीषण सड़क हादसा: बारात में जा रही i20 कार और बाइक की टक्कर, चार युवकों की दर्दनाक मौत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के बक्सर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। बारात में शामिल होने जा रहे युवकों की तेज रफ्तार कार सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर सोनपा गांव स्थित महावीर स्थान के समीप हुआ। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र अंतर्गत भतौरा गांव के पांच युवक हुंडई i20 कार से कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित बिशनपुरा गांव में बारात में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे में इन चार युवकों की मौत
इसी दौरान सोनपा गांव की ओर से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर निकल रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान कार सवार अरबाज खान, इरफान अंसारी और बादल कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भतौरा गांव के रहने वाले थे। वहीं, बाइक सवार सौरी गांव निवासी शुभम की भी हादसे में मौत हो गई।
कई घायल, PMCH रेफर
हादसे में कार सवार सम्राट कुमार घायल हो गया है, जिसका इलाज बक्सर सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं, बाइक सवार शिवम समेत अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के PMCH रेफर किया गया है। सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Share This Article