NEWS PR डेस्क : मुंगेर/पटना। बिहार के मुंगेर जिले से घरेलू विवाद में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमालपुर थाना क्षेत्र के सदर बाजार फाड़ी के पास एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, मृतका के मायके वालों ने पति और उसके परिजनों पर लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति दशरथ मंडल धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर का निवासी है। जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। दशरथ मंडल रेलवे में लोको पायलट था और बाद में वीआरएस ले चुका था। दंपती की दो बेटियां हैं।
शादी के बाद से चल रहा था विवाद
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। पूजा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मृतका के भाई शुभम कुमार के मुताबिक, करीब एक साल पहले भी पूजा के साथ मारपीट हुई थी। उस समय मामला थाने पहुंचा था और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
हत्या के बाद आरोपी ने किया सरेंडर
बताया जाता है कि बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस ने मृतका के भाई को फोन कर हत्या की सूचना दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो पूजा का शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इधर, हत्या के बाद आरोपी दशरथ मंडल खुद थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की सूचना पर जमालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि आरोपी पति ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। मृतका के परिजनों के आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि पूजा की दो मासूम बेटियां मां के स्नेह से वंचित हो गई हैं। एक ओर मां की हत्या का सदमा है, तो दूसरी ओर पिता हत्या के आरोप में पुलिस की हिरासत में है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।