पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर से स्वास्थ्य सेवाओं को यहां आयोजित आयुष महाकुंभ 2026 में एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने और आयुष चिकित्सा पद्धति को मजबूत बनाने पर देशभर के विशेषज्ञों ने मंथन किया। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद वाल्मीकिनगर का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा था।
दरअसल, बगहा के वाल्मीकिनगर स्थित महावना रिसोर्ट एवं कन्वेंशन सेंटर में सोमवार को ‘एनीमिया मुक्त भारत’ विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी के चिकित्सकों ने एनीमिया की रोकथाम और उपचार में आयुष चिकित्सा की भूमिका पर अपने विचार रखे।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि बिहार के सभी 38 जिलों में एनीमिया मुक्त अभियान के तहत जांच और स्क्रीनिंग कराई जा रही है। अब तक करीब डेढ़ करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को पूरा करने में आयुष चिकित्सकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी।
आयुष चिकित्सा को लेकर मंत्री का बड़ा ऐलान
सम्मेलन में चिकित्सकों ने दवाएं लिखने के अधिकार और ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं को भी उठाया। इस पर मंत्री ने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं को केवल एलोपैथिक चिकित्सा तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आयुष अस्पतालों में दवाओं, उपकरणों और प्रशिक्षण की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। साथ ही आयुष चिकित्सकों की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा।
मंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आयुष चिकित्सकों द्वारा मरीजों को दी जाने वाली दवाओं का इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे इलाज के परिणामों का आकलन करने और भविष्य में चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में सांसद सुनील कुमार, विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, समृद्ध वर्मा, एमएलसी शिवरानी देवी समेत कई जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।