NEWS PR डेस्क : – बिहार में उच्च शिक्षा और कृषि विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया है। पटना विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय और पूर्णिया विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों का काम मार्च 2027 तक पूरा करना होगा। वहीं बिहार के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए बेहतर ब्रांडिंग, बाजार उपलब्धता और मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 तक परिवहन और लॉजिस्टिक्स के अन्य माध्यमों को विकसित करने का लक्ष्य दिया है।
बिहार गति के तहत योजनाओं की समीक्षा
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोकसेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में ‘बिहार गति’ के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में उच्च शिक्षा और कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में तेजी लाने और तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया।
तीन विश्वविद्यालयों को मार्च 2027 की डेडलाइन
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम, संपर्क पथ सहित अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तीनों विश्वविद्यालयों के भवन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए। पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी हितधारकों से बातचीत कर मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। साथ ही छात्रावासों में केवल विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और बीएड कॉलेजों में जल्द डिग्री कॉलेज शुरू करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
किसानों की आमदनी बढ़ाने पर जोर
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलावार नकदी फसलों की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर जोर देते हुए कहा कि वर्ष 2030 तक परिवहन और लॉजिस्टिक्स के बेहतर माध्यम विकसित किए जाएं, ताकि बिहार के उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक आसानी से पहुंच सकें।
बैठक में रहे ये अधिकारी
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों और किसानों को विकास योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।