NEWS PR ;- महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने राहुल गांधी के आरोपों को मुद्दाविहीन राजनीति करार देते हुए कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन से लोकतंत्र को कोई खतरा नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी मजबूत होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि असल खतरा लोकतंत्र को नहीं, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक प्रासंगिकता को है।
पटना में भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरते हुए कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हर मुद्दे में लोकतंत्र और संविधान खतरे में नजर आता है। साल 2024 में कांग्रेस ने संविधान को खतरे में बताया, 2025 में मतदाता सूची सुधार को लेकर सवाल उठाए और अब जब महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में आरक्षण देने का रास्ता खुल रहा है, तो इसमें भी साजिश दिखाई देने लगी है।
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि महिला आरक्षण सामाजिक न्याय का महत्वपूर्ण पहलू है और देश की आधी आबादी का अधिकार है। परिसीमन इस अधिकार को जमीन पर उतारने का संवैधानिक प्रावधान है। उन्होंने राहुल गांधी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि 2023 में राहुल गांधी ने खुद महिला आरक्षण कानून में जनगणना और परिसीमन को इसके दो प्रमुख पहलू बताया था। ऐसे में आज उसी प्रक्रिया को साजिश बताना समझ से परे है। कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि परिसीमन के बिना महिला आरक्षण कानून को लागू करने का रास्ता क्या है।
उन्होंने अप्रैल में लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन से जुड़े विधेयक पर हुई वोटिंग का भी जिक्र किया। सिन्हा के मुताबिक, इस दौरान 298 सांसदों ने समर्थन किया, जबकि 230 सांसदों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक आगे नहीं बढ़ सका। ऐसे में महिलाओं को इंतजार कराने की जिम्मेदारी किसकी है, यह जनता समझ रही है।
परिसीमन को बताया जरूरी
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि 1971 में देश की आबादी करीब 54 करोड़ थी, जबकि आज यह लगभग 140 करोड़ हो चुकी है। पहले एक सांसद औसतन 10 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता था, लेकिन अब यह संख्या 26 लाख से अधिक हो गई है। ऐसे में परिसीमन प्रतिनिधित्व को मजबूत करने और आम जनता की आवाज संसद तक पहुंचाने के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पंचायतों से लेकर प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं। अब संसद और विधानसभाओं में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि जनादेश डर दिखाकर नहीं, बल्कि जनता का भरोसा जीतकर मिलता है और राहुल गांधी को यह बात समझनी चाहिए।
