NEWS PR डेस्क:– महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की पहल पर बिहार के पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक से जुड़ी प्रक्रिया को मंजूरी देना महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को अधिक व्यापक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे लोकसभा में प्रतिनिधित्व का विस्तार होगा और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पटना में पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार की पहल की सराहना करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय विपक्ष को सरकार का रचनात्मक सहयोग करना चाहिए।
मंगल पांडेय ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की करोड़ों महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के इस प्रयास में बाधाएं और भ्रम पैदा करने के बजाय विपक्ष को महिलाओं के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार महिला सशक्तिकरण को केवल नारों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
योजनाओं से महिलाओं को मिल रही मजबूती
मंगल पांडेय ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को धुएं से राहत मिली है, जल जीवन मिशन से स्वच्छ पेयजल की सुविधा बढ़ी है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को घरों का स्वामित्व दिया जा रहा है।
इसके अलावा मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदी अभियान के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की पहल लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव ला सकती है। महिलाओं के सम्मान, समान अवसर और राजनीतिक भागीदारी को राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर रखकर देखना चाहिए।
