NEWS PR डेस्क:– विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले में इस बार श्रद्धालुओं को मनोरंजन और खरीदारी के साथ बिहार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। समाज के पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से विशेष पंडाल लगाया गया है। शनिवार को विभागीय मंत्री रमा निषाद ने फीता काटकर इस पंडाल का उद्घाटन किया। यहां आने वाले लोगों को विभाग की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों को आवेदन की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।
सोनपुर मेले में बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की यह पहल खास चर्चा में है। शनिवार, 29 नवंबर को अपराह्न 3 बजकर 50 मिनट पर विभाग की ओर से बनाए गए विशेष पंडाल का उद्घाटन मंत्री रमा निषाद ने किया। इस दौरान मेले में पहुंचे श्रद्धालु, आगंतुक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
विभाग का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद और वंचित लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए सोनपुर मेले को जागरूकता के एक बड़े मंच के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। उद्घाटन के दौरान लोगों ने विभाग की इस पहल की सराहना की और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी लेने में दिलचस्पी दिखाई।
पंडाल को आकर्षक बनाने के साथ-साथ लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेले के अलग-अलग स्थानों पर स्वागत के लिए आकर्षक तोरणद्वार बनाए गए हैं, जो मेले की भव्यता को और बढ़ा रहे हैं। वहीं, विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए पंडाल में कई एलईडी स्क्रीन और टीवी लगाए गए हैं। इनके माध्यम से दृश्य-श्रव्य प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
खास बात यह है कि पंडाल में केवल योजनाओं का प्रचार ही नहीं होगा, बल्कि लोगों की समस्याओं और सवालों का समाधान भी किया जाएगा। इसके लिए विभागीय पदाधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये अधिकारी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाएंगे और उनकी जिज्ञासाओं का जवाब देंगे।
इसके अलावा मेले में आने वाले लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। पंडाल में बैठने और विश्राम करने की व्यवस्था के साथ स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया है, ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
