बलोर नदी में नहाने गए 11 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Shreya Raj
बलोर नदी में डूबने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत।

NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में मंगलवार को बलोर नदी में नहाने के दौरान 11 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। हादसा बखरी पुल के समीप हुआ। मृतक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के चमुआ गांव निवासी शंभू मांझी के पुत्र साजन मांझी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था बच्चा

जानकारी के अनुसार, साजन मांझी अपने दोस्तों के साथ बखरी पुल के पास बलोर नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास नहा रहे अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में बच्चे की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने साजन को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे का शव नदी से बाहर निकलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस मौके पर पहुंची, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

घटना की सूचना मिलने के बाद शिकारपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृत बच्चे के परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने को लेकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। परिजनों की सहमति के बाद शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। इसके बाद परिवार के लोग साजन के शव को लेकर अपने घर चले गए।

पश्चिम चम्पारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article