NEWS PR डेस्क: भारतीय क्रिकेट को एक नया युवा सितारा मिल गया है। महज 15 साल 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही वह भारत की ओर से सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
मैच से पहले भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा ने वैभव को डेब्यू कैप सौंपी। युवा बल्लेबाज को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला टीम प्रबंधन ने शानदार घरेलू और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए लिया।
सचिन और शेफाली का रिकॉर्ड टूटा
वैभव ने डेब्यू के साथ ही दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। इससे पहले भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम था, जिन्होंने 15 साल 239 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। वहीं सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। अब यह रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हो गया है।
उसी मैदान पर डेब्यू, जहां सचिन ने रचा था इतिहास
वैभव का डेब्यू इंग्लैंड के ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर मैदान पर हुआ, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास के लिए खास महत्व रखता है। इसी मैदान पर 14 अगस्त 1990 को सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया था। उस समय 17 साल 112 दिन की उम्र में सचिन ने इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 119 रन बनाकर भारत को हार से बचाया था। अब उसी मैदान पर वैभव ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की है।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने जताया भरोसा
दूसरे टी-20 में भारत ने टॉस जीतकर लगातार दूसरी बार पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया।
टॉस के बाद श्रेयस ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। वैभव ने पिछले कुछ महीनों में जिस तरह बल्लेबाजी की है, वह इस मौके का पूरी तरह हकदार है। वह ऐसा खिलाड़ी है जो दबाव नहीं लेता और उसे अच्छी तरह पता है कि आगे आने वाली चुनौतियों का सामना कैसे करना है।”
भारतीय क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी का यह डेब्यू भविष्य की नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें इस युवा बल्लेबाज के प्रदर्शन पर रहेंगी कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को किस तरह साबित करते हैं।