NEWS PR डेस्क: पटना। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े बिहार समेत देश के करोड़ों किसानों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने योजना की 22वीं किस्त जारी करने की तारीख का ऐलान कर दिया है। देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में 13 मार्च 2026 को डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 2-2 हजार रुपये की राशि भेजी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, 13 मार्च को शाम 5 बजे के बाद किसानों के बैंक खातों में यह राशि ट्रांसफर की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विशेष कार्यक्रम के दौरान इस किस्त को जारी करेंगे। परंपरा के अनुसार, इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसानों को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन बराबर किस्तों में चार-चार महीने के अंतराल पर उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। हर किस्त में किसानों को 2 हजार रुपये दिए जाते हैं। अब तक योजना के तहत 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और किसान 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे थे।
केंद्र सरकार के अनुसार, इस बार 22वीं किस्त का लाभ देशभर के 9.32 करोड़ से अधिक पात्र किसानों को मिलने की संभावना है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहारा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है।