पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां घर के बाहर खेल रही दो साल की मासूम अचानक लापता, CCTV में महिला के साथ जाती दिखी; तीन हिरासत में,
मझौलिया पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 से दो साल की मासूम बच्ची के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची के गायब होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। लापता बच्ची की पहचान हसीब खान की दो वर्षीय बेटी अनाया खातून के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अनाया घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने मझौलिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले में उस वक्त नया मोड़ आया, जब सामने आए CCTV फुटेज में एक महिला बच्ची को लेकर जाती हुई दिखाई दी। परिजनों ने महिला की पहचान सबीना उर्फ सुमी खातून के रूप में किए जाने का दावा किया है।
हालांकि, पुलिस CCTV फुटेज की जांच करने के साथ ही महिला की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने महिला, उसकी मां और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इधर, बच्ची की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर सौ से अधिक ग्रामीण मझौलिया थाने पहुंच गए और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की ,
थाना प्रभारी अमर कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। बच्ची की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है और सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-