गया के कुबड़ी गांव में भीषण अग्निकांड, महिला की जिंदा जलकर मौत

गया में भीषण अग्निकांड, महिला की जिंदा जलकर मौत

Rashmi Tiwari

गया जिले के बांकेबाज़ार प्रखंड अंतर्गत कुबड़ी गांव में मंगलवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हादसे में 55 वर्षीय चमेली देवी की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति कैलाश साव गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि सुबह करीब नौ बजे अचानक घर से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर धू-धू कर जलने लगा। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये की संपत्ति राख में तब्दील हो गई।


ग्रामीणों ने बचाई तीन लोगों की जान
घटना के समय घर में कैलाश साव, उनकी पत्नी चमेली देवी, शोभा कुमारी और एक दो वर्षीय बच्चा मौजूद थे। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर किसी तरह कैलाश साव, शोभा कुमारी और बच्चे को बाहर निकाल लिया। हालांकि चमेली देवी आग की तेज लपटों में फंस गईं। ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई घर के अंदर नहीं जा सका। कुछ ही देर में उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई।


कैलाश साव गंभीर रूप से झुलसे
हादसे में कैलाश साव का बायां पैर बुरी तरह जल गया है। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। ग्रामीणों के मुताबिक घर में राशन, नकदी, फर्नीचर और घरेलू सामान के अलावा पेट्रोल और डीजल भी रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग में घर का सारा सामान, अनाज, नकदी, कपड़े, बर्तन और फर्नीचर जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बाल्टी, पाइप और मोटर पंप लेकर आग बुझाने में जुट गए। आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर शेरघाटी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही रोशनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। रोशनगंज थानाध्यक्ष अन्नू रजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आग लगने का प्रतीत हो रहा है। शॉर्ट सर्किट समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं सूचना मिलते ही CO बिक्रम कुमार भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता जल्द दिलाने का भरोसा दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा, आवास सहायता और आर्थिक मदद देने की मांग की है।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article