NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण में बीती रात एक अनियंत्रित ट्रक ने जमकर तबाही मचाई। तेज रफ्तार ट्रक सड़क का डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 30 फीट दूर स्थित गैस एजेंसी की बाउंड्री वॉल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि रात का समय होने के कारण कोई इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
पूरी घटना बगहा नगर परिषद क्षेत्र के डुमवलिया की है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब नौ बजे तिरुपति शुगर लिमिटेड चीनी मिल से चीनी की बोरियां लादकर एक ट्रक पूर्वी चंपारण के आदापुर जा रहा था। इसी दौरान डुमवलिया के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया।
ट्रक सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए आगे बढ़ा और करीब 30 फीट की दूरी पर स्थित रूबी गैस एजेंसी की बाउंड्री वॉल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एजेंसी की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रक के क्लीनर राजकिशोर ठकुराई के अनुसार, वाहन का स्टेयरिंग और ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि घटना को लेकर चालक के नशे में होने की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पटखौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अब हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही फरार चालक की तलाश भी की जा रही है।
पश्चिम चम्पारण से मोहम्मद इम्तेयाज की रिपोर्ट ;-
