नवादा में प्रस्तावित चीनी मिल की जमीन का एसीएस ने किया निरीक्षण, 100 एकड़ भूमि चिन्हित

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना/नवादा, 2 अप्रैल। बिहार में गन्ना उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव सह नवादा के प्रभारी सचिव के. सेंथिल कुमार ने बुधवार को नवादा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के मकनपुर मौजा में प्रस्तावित चीनी मिल के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने संबंधित भूमि और परियोजना से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर एडीएम, एसडीएम, सहायक ईखायुक्त वेदव्रत कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

राज्य सरकार बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने के साथ-साथ 25 नई चीनी मिलों की स्थापना की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में वारिसलीगंज के मकनपुर मौजा में लगभग 100 एकड़ जमीन का चयन किया गया है, जिसे चीनी मिल स्थापना के लिए उपयुक्त माना गया है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

अधिकारियों के अनुसार, मकनपुर और आसपास का इलाका गन्ना उत्पादन के लिए काफी अनुकूल है। यहां की उपजाऊ जमीन और बेहतर सिंचाई व्यवस्था उच्च गुणवत्ता वाले गन्ना उत्पादन में सहायक है। साथ ही, चयनित स्थल तक सड़क संपर्क भी बेहतर है, जिससे परिवहन में सुविधा होगी।

इस क्षेत्र में वर्ष 1993 से बंद पड़ी चीनी मिल के पुनः संचालन और नई मिल की स्थापना की संभावना से स्थानीय किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए, ताकि प्रस्तावित मिल को पर्याप्त कच्चा माल मिल सके। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर गन्ना खेती को बढ़ावा दें।

वहीं जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने बताया कि गन्ना विकास को लेकर जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही वारिसलीगंज में इस संबंध में बैठक आयोजित की जाएगी। परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article