NEWS PR डेस्क: बगहा: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा नगर परिषद को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर परिषद की बोर्ड बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया है। नगर प्रशासन की ओर से कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र भेजा गया है। नगर परिषद ने कहा है कि सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाओं से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है, इसलिए ऐसे मामलों में नियम के अनुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
नगर परिषद और वार्ड पार्षदों को लेकर पोस्ट पर जताई आपत्ति
नगर परिषद का कहना है कि सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर नगर परिषद, प्रशासन और वार्ड पार्षदों को लेकर भ्रामक जानकारी साझा की जा रही है। इसके साथ ही कुछ पोस्ट में अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की जा रही हैं।
नगर परिषद की सशक्त समिति के सदस्य जितेंद्र राव और सभापति प्रतिनिधि अमित गुप्ता ने बताया कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने पुलिस और अनुमंडल प्रशासन से सोशल मीडिया पर इस तरह की सामग्री प्रसारित करने वाले लोगों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
एसपी और एसडीएम से कार्रवाई का अनुरोध
नगर परिषद की ओर से मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। परिषद के प्रतिनिधियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर किसी संस्था या व्यक्ति के संबंध में जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है। परिषद का कहना है कि गलत या भ्रामक जानकारी के कारण आम लोगों के बीच गलत संदेश जा सकता है। ऐसे पोस्ट की पहचान कर संबंधित स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
कार्यपालक पदाधिकारी ने लोगों से की अपील
बगहा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा ने लोगों से सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच कर लेनी चाहिए।
नगर परिषद ने लोगों से भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट से बचने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील की है वहीं, मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस और अनुमंडल प्रशासन की जांच के आधार पर होगी।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़