बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। दीपावली की रात जब लोग रोशनी और खुशियों के त्योहार का जश्न मना रहे थे, उसी दौरान तीन युवकों पर दो बहनों को घेरकर बड़ी बहन के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोप है कि बदमाशों ने छोटी बहन की कनपटी पर पिस्टल तानकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी आंखों के सामने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना 8 नवंबर की रात की है। बाढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली दोनों बहनें अपने पिता को खोजने के लिए घर से निकली थीं। बताया जा रहा है कि उनके पिता रात करीब 11 बजे तक घर नहीं लौटे थे। इसी दौरान घर से लगभग 500 मीटर दूर दूसरे गांव के तीन युवकों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।पीड़िता की छोटी बहन के मुताबिक, आरोपियों ने बड़ी बहन का मुंह कपड़े से बांध दिया और बाल पकड़कर घसीटते हुए सुनसान सड़क पर ले गए। विरोध करने पर छोटी बहन की कनपटी पर पिस्तौल तान दी गई। इसके बाद तीनों युवकों ने कथित तौर पर बारी-बारी से बड़ी बहन के साथ दुष्कर्म किया। छोटी बहन ने आरोप लगाया कि घटना का वीडियो भी बनाया गया।
वारदात के करीब दो घंटे बाद दोनों बहनें घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी शुरू की और चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। बाढ़ के डीएसपी रामकृष्ण के अनुसार, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छोटी बहन की कनपटी पर पिस्टल, बड़ी बहन के साथ दरिंदगी; पुलिस ने चार को हिरासत में लिया