बेतिया के पावर हाउस चौक पर प्रशासन का बुलडोजर, सैकड़ों दुकानें जमींदोज !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क:  पश्चिम चंपारण के बेतिया से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बेतिया के पावर हाउस चौक पर बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। फोरलेन निर्माण की राह में बाधा बनी सैकड़ों दुकानों पर प्रशासन का बुलडोजर चला और देखते ही देखते कई दुकानें जमींदोज हो गईं।

फोरलेन निर्माण के लिए हटाया गया अतिक्रमण

बताया जा रहा है कि पावर हाउस चौक और आसपास के इलाके में सड़क के निर्माण कार्य में कई दुकानें और अन्य निर्माण बाधा बन रहे थे। इसी को लेकर प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। बुलडोजर के पहुंचते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित दुकानदारों को नोटिस दिया गया था। उन्हें दुकानें खाली करने का निर्देश भी दिया गया था। इसके बाद बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

दुकानें टूटीं, रोजी-रोटी पर संकट

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में दुकानों को हटाया गया। इनमें कई ऐसी दुकानें भी थीं, जहां दुकानदार लंबे समय से कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। दुकानें टूटने के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

प्रशासन की कार्रवाई के बीच प्रभावित दुकानदारों में मायूसी भी देखने को मिली। किसी की वर्षों पुरानी दुकान पलभर में टूट गई तो किसी के सामने परिवार चलाने की चिंता खड़ी हो गई।

इलाके में पुलिस बल तैनात

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन का कहना है कि फोरलेन निर्माण को गति देने के लिए सड़क की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है।

अब देखना होगा कि कार्रवाई के बाद फोरलेन निर्माण का काम कितनी तेजी से आगे बढ़ता है और प्रभावित दुकानदारों के लिए प्रशासन की ओर से क्या व्यवस्था की जाती है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट;


Share This Article