खेसारी लाल यादव को अनंत सिंह का न्योता, वीडियो कॉल पर हुई खास बातचीत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार के मोकामा विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी है। शादी को यादगार और भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस समारोह में भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है। इसी बीच भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को भी अनंत सिंह ने बेटी की शादी का न्योता दिया है।

अनंत सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच वीडियो कॉल पर हुई बातचीत का वीडियो सामने आया है। वीडियो में अनंत सिंह खेसारी से 25 नवंबर को शादी में आने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इस पर खेसारी लाल यादव कहते हैं कि 25 नवंबर को उनके घर के सामने लड़की की शादी है, इसलिए वह दिन में आकर मुलाकात कर लेंगे।
बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने उन्हें 20 नवंबर को तिलक समारोह में आने का भी न्योता दिया। इस पर खेसारी ने बताया कि वह फिलहाल समस्तीपुर में एक कार्यक्रम में हैं और रात में पूर्णिया जाना है। पटना पहुंचने के बाद वह अनंत सिंह को फोन करेंगे।

आपको बता दें कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का आयोजन पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में होगा। शादी की रस्में 20 नवंबर से शुरू होंगी। इस दिन तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि 25 नवंबर को शादी संपन्न होगी। शादी का कार्यक्रम पांच दिनों तक चलने की जानकारी दी गई है।
इस समारोह को खास बनाने के लिए जयपुर थीम पर जयमाला स्टेज तैयार किया जाएगा। सजावट और मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शादी में भोजपुरी और बॉलीवुड इंडस्ट्री के करीब तीन दर्जन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित कलाकारों में पवन सिंह, अक्षरा सिंह, मनोज तिवारी और मैथिली ठाकुर जैसे चर्चित नाम शामिल हैं। अब सभी की नजरें 25 नवंबर पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि इस भव्य शादी में मनोरंजन जगत की कौन-कौन सी हस्तियां पहुंचती हैं।

Share This Article