टेंडर घोटाला: ED के सामने आज भी पेश नहीं हुए IAS आनंद किशोर,छठ के बाद होगी पूछताछ

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:NEWS PR डेस्क:बिहार के कथित टेंडर घोटाले में वरिष्ठ IAS अधिकारी आनंद किशोर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने उनकी पेशी एक बार फिर टल गई है। आनंद किशोर ने पूछताछ के लिए जांच एजेंसी से अतिरिक्त समय मांगा था, जिसे ED ने स्वीकार कर लिया है। अब उन्हें एक सप्ताह की और मोहलत दी गई है। ऐसे में छठ पर्व के बाद उनसे पूछताछ होने की संभावना है।

दरअसल, आनंद किशोर को बुधवार को पटना स्थित ED कार्यालय में पेश होना था। लेकिन निर्धारित तारीख से पहले उन्होंने अधिकारियों से संपर्क कर कुछ और समय देने का अनुरोध किया। जांच एजेंसी ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए पेशी की तारीख आगे बढ़ा दी। इससे पहले 30 अक्टूबर को भी वह ED के सामने पेश नहीं हुए थे और एक सप्ताह का समय मांगा था। उस वक्त भी एजेंसी ने उन्हें अतिरिक्त मोहलत दी थी।
रिशु श्री से जुड़े टेंडर घोटाले की जांच में जुटी ED

दरअसल, ED रिशु श्री से जुड़े कथित टेंडर घोटाले की जांच कर रही है। इस मामले में आनंद किशोर के अलावा IAS अधिकारी योगेश कुमार सागर से भी पूछताछ होनी है। योगेश कुमार सागर ने भी जांच एजेंसी से एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था। ED इन अधिकारियों से रिशु श्री के साथ कथित संपर्क और WhatsApp चैट को लेकर सवाल-जवाब करना चाहती है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी अधिकारियों और ठेकेदार के बीच किस तरह की कथित सांठगांठ थी और टेंडर आवंटन की प्रक्रिया में किसकी क्या भूमिका रही।
कौन है रिशु श्री?
बिहार के सारण जिले का रहने वाला रिशु श्री ,वरिष्ठ IAS अधिकारी संजीव हंस और अन्य अधिकारियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार एवं मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी है। उसके खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने भी मामला दर्ज किया था। ED की जांच के अनुसार, रिशु श्री पर आरोप है कि वह सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर टेंडर से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पहले हासिल करता था। इसके बाद कथित तौर पर टेंडर की शर्तों में बदलाव करवाकर अपनी पसंद के ठेकेदारों को काम दिलाने की कोशिश करता था। जांच एजेंसी कमीशन के लेनदेन और उसमें अधिकारियों की संभावित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

Share This Article